– नई जिम्मेदारी पर समर्थकों में उत्साह, फूल-मालाओं से स्वागत कर बांटी मिठाई

अनपरा। क्षेत्र में करीब 15 वर्षों से चिकित्सा सेवाएं दे रहे डॉ. अजीत सिंह ने मंगलवार को संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज के चिकित्साप्रभारी का कार्यभार संभाल लिया। लंबे समय तक ग्राम कुलडोमरी के लोझरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें संयुक्त चिकित्सालय की महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है उनकी तैनाती पूर्व चिकित्साप्रभारी रवि प्रताप सिंह के स्थान पर हुई है। कार्यभार ग्रहण करते ही अस्पताल परिसर में समर्थकों, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापार मंडल पदाधिकारियों में उत्साह नजर आया। समर्थकों ने डॉ. अजीत सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस दौरान लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे चिकित्सकीय अनुभव का लाभ अस्पताल और क्षेत्रवासियों को मिलने की उम्मीद जताई।
डॉ. अजीत सिंह ने लोझरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब आठ वर्षों तक प्रभारी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज में भी भूतपूर्व में क़रीब सात वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। क्षेत्र में लंबे अनुभव के बाद अब उनके सामने एक बार पुनः संयुक्त चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की अहम जिम्मेदारी है। पुनः नई जिम्मेदारी के साथ अस्पताल में उपचार व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर क्षेत्रवासियों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं।

इस अवसर पर भाजपा से प्रभा शंकर मिश्रा, मंडल अध्यक्ष प्रमोद शुक्ला, उपाध्यक्ष ऋतुराज मौर्या, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, बिजेंद्र सोनी, सचिव अंकुश जायसवाल, डॉ. पीके राय, मंतोष तिवारी, मनोज चौरसिया, अजय पाठक, डॉ. रामनरेश, डॉ. अनंजय मौर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












