रामप्रवेश गुप्ता/बीजपुर
बीजपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहां ग्राम पंचायत के डीघुल टोले में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर की महिलाओं पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 ने सभी घायलों को एनटीपीसी रिहंद के धन्वंतरी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार जरहां गावँ के डीघुल टोला निवासी सत्य प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह उनके खेत पर पटीदारी के ही रामनरेश, राजेश, बृजेश और अर्जुन पुत्रगण रूपचंद जबरन जुताई कर रहे थे। इस पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जिसके बाद वह अपने जमीन संबंधी कागजात लेकर थाने पहुंच गए।
आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के चारों लोगों ने उनके घर की महिलाओं पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में मनीषा (17), पुत्री ईश्वर प्रसाद, अमीना (28), पत्नी बालकुमार, राजकुमारी (48), पत्नी सत्य प्रसाद तथा पुष्पा, पुत्री सत्य प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है । इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।











