_अनपरा तापीय परियोजना के जेई पर बैट से हमला, सिर में लगे चार टांके
_जेई क्लब में युवक को महिला के साथ देख आपत्ति जताने पर हुआ विवाद, पुलिस को मिली तहरीर

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित जेई क्लब में रविवार को एक जेई पर बैट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल जेई सतीश सिंह के सिर में चार टांके लगे हैं। घटना के बाद परियोजना के कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। अनपरा कॉलोनी निवासी सतीश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अनपरा तापीय परियोजना में अवर अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को वह अन्य कर्मचारियों के साथ जेई क्लब में साफ-सफाई और पुताई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को क्लब में महिला के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में बैठा देखा। इस पर आपत्ति जताने के बाद युवक गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। विवाद समाप्त होने के बाद जब सभी वापस जाने लगे, तभी आरोप है कि युवक ने वहां रखे बैट से पीछे से उनके सिर पर हमला कर दिया। कर्मचारियों के बीच-बचाव के बाद युवक मौके से भाग निकला। घायल जेई को कर्मचारियों ने परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में चार टांके लगाए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। पूछताछ में युवक की पहचान संदीप तिवारी पुत्र रामअवध तिवारी, निवासी जापानी कॉलोनी के रूप में बताई गई। इस संबंध में अनपरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












