_37 वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा, मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उठाया आनंद

ककरी (सोनभद्र)। एनसीएल ककरी क्षेत्र के एकलव्य मैदान में विजयादशमी के अवसर पर भव्य रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान लगभग 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आकर्षक आतिशबाजी और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच हजारों की संख्या में जुटे लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम में ककरी परियोजना के महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जेसीसी सदस्य, ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, दुर्गा पूजा समिति के सदस्य, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन सहित आसपास के गांवों के लोग मौजूद रहे। रामलीला मंचन के बाद रावण दहन किया गया, जिसके साथ पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
– 37 वर्षों से कायम है परंपरा
एनसीएल ककरी क्षेत्र में लगातार 37 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है l विजयादशमी पर आयोजित मेले में खेल-खिलौनों, श्रृंगार सामग्री और बर्तनों की दुकानों के साथ विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र रहे।
बच्चों,महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। आयोजन की सफलता में परियोजना के अधिकारियों-कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों, दुर्गा पूजा समिति, स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों का योगदान रहा। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।












