रामप्रवेश गुप्ता/बीजपुर
बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परियोजना परिसर स्थित रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी, महिला मंडल अध्यक्ष नीलू असाटी, महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय, पूजा समिति अध्यक्ष एनएस कोरंगा और महासचिव विजेंद्र कुमार मीना सहित अनेक अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती की। सैकड़ों महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर मां को भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद प्रतिमा का इंटकवेल में विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
इससे पूर्व मंगलवार शाम स्थानीय सोनशक्ति स्टेडियम में दशहरा उत्सव के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते हुए रावण दहन किया। आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आयोजन में दस हजार से अधिक दर्शक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन ईवा के महासचिव आशुतोष कुमार सिंह एवं अमित केशरी ने किया। इस दौरान विभिन्न यूनियनों, एसोसिएशनों के पदाधिकारी, अधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।












