रेणुसागर मोड़ पर गहरे गड्ढों और जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा, सड़क की मरम्मत को लेकर उठे सवाल
अनपरा (सोनभद्र)। औड़ी-शक्तिनगर मार्ग की बदहाली अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव आवागमन को जोखिमपूर्ण बना रहे हैं। शुक्रवार को रेणुसागर मोड़ पर सड़क की दुर्दशा का ऐसा चौंकाने वाला नजारा सामने आया, जिसने मार्ग की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए। गड्ढे से गुजरते समय वाहन का इंजन आगे निकल गया, जबकि पीछे लगा डाला सड़क पर ही छूट गया। कुछ दूर जाने के बाद चालक को इसकी जानकारी हुई तो वापस लौटकर डाला लेना पड़ा।
_गड्ढों में भरा पानी, हर पल हादसे का खतरा
औड़ी-शक्तिनगर मार्ग के कई हिस्सों में सड़क जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। रेणुसागर मोड़ के पास गड्ढों में पानी भरा होने से उनकी वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहनों के अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से जोखिमपूर्ण है।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस स्थान पर पहले भी दोपहिया और तिपहिया वाहनों के पलटने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद प्रभावी मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण मार्ग पर गड्ढों की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
_मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
औड़ी-शक्तिनगर मार्ग क्षेत्र के आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति आमजन के लिए परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रही है। रेणुसागर मोड़ की घटना ने सड़क की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता को फिर उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर गहरे गड्ढों को तत्काल भरवाने, सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग समय रहते सड़क की बदहाली दूर कर लोगों को राहत देगा या फिर समस्या के समाधान के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा !












