रामप्रवेश गुप्ता/बीजपुर
बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर के पुनर्वास में रविवार को समृद्धि जन कल्याण संस्थान के कार्यालय एवं सेवा केंद्र का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी संजय सिंह धुर्वे, नीरेंद्र सिंह गोंड और विजय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संजय सिंह धुर्वे ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और जरूरतमंदों की सहायता को सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, नीरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि केंद्र के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के साथ महिलाओं को सिलाई एवं अन्य कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे।
इस दौरान सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वालों को सम्मानित किया गया। कार्यालय में निःशुल्क पेंटिंग करने वाले हरीशचंद्र, आर्थिक सहयोग देने वाले अभय मिश्रा तथा कार्यालय में वायरिंग एवं इलेक्ट्रिकल कार्य करने वाले प्रदीप कुमार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निसार खान, अभय मिश्रा, केदार यादव, ग्राम प्रधान डोडहर एवं सिरसोती सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में जय सिंह, जावेद अहमद, सिद्धार्थ गुप्ता, अखिलेश कुमार, धनंजय शर्मा, राजू कुमार, महावीर सिंह, रूपेश कुमार, मशरूर हसन, रंजीत चौधरी, अर्जुन और अमित कुमार सहित संस्था के सदस्यों का योगदान रहा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को विस्तार दिया जाएगा।











