किशन पाण्डेय/सोनभद्र
• प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 9.34 करोड़ किसानों को हस्तांतरित किए 18,680 करोड़ रुपये
सोनभद्र। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों के बैंक खातों में योजना की 24वीं किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस किस्त से देश के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए। उनके खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई।
इस अवसर पर जनपद सोनभद्र में भी कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर एलईडी टीवी, कंप्यूटर एवं मोबाइल के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया। उप कृषि निदेशक राज कुमार ने बताया कि जनपद के कुल 1,68,645 किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरित की गई।
मंगुराही स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ किया। इसके बाद किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
इस दौरान उप कृषि निदेशक राज कुमार एवं जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया।
मुख्य अतिथि राधिका पटेल ने किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर कृषि उत्पादन एवं आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में भूपेंद्र कुमार सिंह, शुभम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मंदीप कुमार, संतोष कुमार, शिव कुमार, संजय सिंह सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।











