किशन पाण्डेय/सोनभद्र
सोनभद्र। सामाजिक कार्यों और राष्ट्रीय विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026-27 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक युवा 20 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के अनुसार, यह पुरस्कार एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को दिया जाएगा। इसके लिए आवेदक की आयु एक जनवरी 2027 को 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह उत्तर प्रदेश का नागरिक होना अनिवार्य है।
खेलकूद, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति, स्वच्छता, साक्षरता, मतदाता जागरूकता, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति, साहित्य, सामुदायिक सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। सरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति इस पुरस्कार के पात्र नहीं होंगे। साथ ही यह पुरस्कार जीवनकाल में केवल एक बार दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने कार्यों के प्रमाण सहित निर्धारित प्रारूप में आवेदन की तीन प्रतियां बुकलेट फॉर्मेट में तैयार कर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, विकास भवन सोनभद्र के कमरा नंबर-68 में 20 नवंबर तक जमा कर सकते हैं।











