प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी (सोनभद्र)। धनौरा गांव के समीप शनिवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया । रेलवे लाइन धनौरा पोल संख्या 75/2 के पास करीब 20 वर्षीय युवक किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव निवासी सुनील (20) पुत्र विजय भुइया खजुरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार सुबह धनौरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव क्षत-विक्षत स्थिति में पाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक श्याम जी यादव ने पुलिस बल व आरपीएफ जवानों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने रेल यातायात सुचारू रखने के लिए लोगों को पटरी से दूर हटाया। स्थल पर मिले मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान सुनील के रूप में की और तत्काल उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जांच में जुटी पुलिस व जीआरपी युवक शादी समारोह से रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किस ट्रेन से हुआ, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उपनिरीक्षक श्याम जी यादव ने बताया कि मामला रेलवे क्षेत्र का होने के कारण जीआरपी को सूचित कर दिया गया है। जीआरपी की मौजूदगी में शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











