लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य
---Advertisement---

इलेक्ट्रिक दुकान चोरी का अनपरा पुलिस ने किया खुलासा, सामान बरामद आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

 

अनपरा, सोनभद्र। थाना अनपरा पुलिस ने इलेक्ट्रिक दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक केबिल तार बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त TVS King EP4 ई-रिक्शा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

_ताला तोड़कर उड़ाया था केबिल तार

जानकारी के मुताबिक 13 सितंबर 2026 को थाना अनपरा क्षेत्र के वार्ड नंबर-03 स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रिक केबिल तार चोरी कर लिया था। मामले में दुकान स्वामी की तहरीर पर थाना अनपरा में मु0अ0सं0-187/2026, धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने चोरी के माल की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

_जियो टावर के पास ई-रिक्शा से ले जा रहे थे चोरी का माल

पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के आधार पर दुल्लापाथर रोड स्थित जियो टावर के पास एक TVS ई-रिक्शा को रोककर जांच की गई। ई-रिक्शा में एक युवक के साथ दो बाल अपचारी सवार मिले। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक केबिल तार बरामद हुआ। बरामद सामान की पहचान मुकदमे के वादी ने अपनी दुकान से चोरी हुए सामान के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र कुमार पुत्र स्वर्गीय लालचन्द्र, निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया, जबकि करीब 14 और 15 वर्ष की उम्र के दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

– पुलिस ने कुल 11 बोरियों में इलेक्ट्रिक केबिल तार बरामद किया। बरामदगी में—

_तीन सफेद प्लास्टिक की बोरियों से 30 बंडल 2.5 एमएम एल्यूमिनियम केबिल तार।
_दो लाल-सफेद प्लास्टिक की बोरियों से 13 बंडल 2.5 एमएम एल्यूमिनियम केबिल तार।
_चार सफेद प्लास्टिक की बोरियों से 08 बंडल 2.5 एमएम कॉपर केबिल तार।
_दो सफेद प्लास्टिक की बोरियों से 02 बंडल 6 एमएम 4-कोर कॉपर केबिल तार बरामद किया गया।
_चोरी के माल के परिवहन में प्रयुक्त TVS KING EP4 ई-रिक्शा संख्या UP64CT6064 भी पुलिस ने कब्जे में लिया।

_भोर में दिया था वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपी एवं बाल अपचारियों ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर को चोरी करने के इरादे से वे ई-रिक्शा लेकर सिनेमा रोड की तरफ घूम रहे थे। वार्ड नंबर-03 में सुनसान स्थान देखकर उन्होंने इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़ दिया और भोर के समय दुकान से केबिल तार बोरियों में भरकर ई-रिक्शा से ले गए।पुलिस के अनुसार रास्ते में कुछ बोरियां गिर गई थीं, जिन्हें आरोपी उठा नहीं सके। शेष चोरी का माल ई-रिक्शा में छिपाकर रख दिया गया था। बाद में चोरी किए गए केबिल तार को बेचने के उद्देश्य से ले जाते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

_इनकी रही अहम भूमिका

चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जयशंकर राय, हेड कांस्टेबल शशि भूषण, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह यादव, कांस्टेबल मो. खलील अहमद, कांस्टेबल सौरभ वर्मा तथा महिला हेड कांस्टेबल किरन यादव शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी एवं दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow On Telegram
---Advertisement---

Leave a Comment