कानूनी जागरूकता शिविर: छात्राओं को दी गई पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों की जानकारी
दुद्धी (सोनभद्र)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रांगण में 2 अक्टूबर को छात्राओं को कानूनी अधिकारों के प्रति सजग एवं जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कानूनी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सिविल जज जूनियर डिवीजन (दुद्धी) धीरेंद्र कुमार सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलण व संबोधन कर छात्राओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की बारीकियों तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों और छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति पूरी तरह से जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या उत्पीड़न के खिलाफ बिना किसी भय के निडर होकर आवाज उठानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की। इस दौरान जज से सीधे संवाद और अपने सवालों के जवाब पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा यादव, कोतवाली के एसएसआई श्याम जी यादव, शिक्षक गण तथा भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।











