विकास दत्त मिश्रा/वाराणसी
बड़ागांव वाराणसी। आग लगने के बाद कुछ सेकंड की घबराहट बड़ा हादसा कर सकती है। ऐसे में अगर बचाव का तरीका पहले से पता हो तो आग पर काबू पाकर जान-माल का नुकसान रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से अग्निशमन विभाग की टीम ने गुरुवार को फूलपुर सिंधोरा व बड़ागांव थाने में पुलिसकर्मियों को आग से बचाव और तत्काल सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अग्निशमन सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत अग्निशमन द्वितीय अधिकारी पिंडरा दीपचंद के नेतृत्व में टीम बड़ागांव सिंधोरा चोलापुर थाने पहुंची।
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, सिंधोरा थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय, चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम के मौजूदगी में पुलिस कर्मियों और महिला पुलिस कर्मियों को आग लगने के प्रमुख कारण, उससे बचाव और आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम बताए गए। इसके बाद टीम ने मौके पर मॉकड्रिल कराकर बचाव के तरीके भी समझाए।
पिंडरा अग्निशमन अधिकारी द्वितीय दीपचंद ने बताया कि अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज, गैस गोदाम, अस्पताल, मंडी समेत ऐसे स्थानों पर जाकर मॉकड्रिल कराई जा रही है, जहां आग लगने पर बड़ा नुकसान हो सकता है। खास तौर पर गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का तरीका बताया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन विभाग का नंबर जरूर रखें। आग लगने पर तत्काल सूचना देने से दमकल टीम समय रहते मौके पर पहुंचकर बड़ा हादसा रोक सकती है। इस दौरान तीनों थाने के इंचार्ज सहित पूरा स्टाफ महिला व पुरुष सहित थाने के पुलिसकर्मी भी शामिल रहें।











