लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य
---Advertisement---

सोनभद्र में 1.20 करोड़ की गांजा बरामदगी, दो तस्कर गिरफ्तार

---Advertisement---

– ओडिशा से दिल्ली जा रही थी 220 किलो गांजे की खेप, EICHER वाहन में बना था गुप्त केबिन


सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये है। पुलिस के मुताबिक तस्करी में प्रयुक्त छह पहिया EICHER PRO 1075 वाहन (DL 1LY6546) भी बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई है।

– वाहन में बनाया गया था विशेष गुप्त केबिन

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की रात रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की टीम होटल डीआर ड्रीम, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा, ग्राम गेंगुआर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिन्दुआरी तिराहे से कुछ पहले पुल के पास छह पहिया EICHER वाहन में दो संदिग्ध मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें करीब 20:40 बजे पुल की रेलिंग के पास पकड़ लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बिरेस पुत्र होराम (45 वर्ष) निवासी ग्राम अद्दरमई, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं तथा गोविन्द पुत्र सुरेन्द्र (25 वर्ष) निवासी ग्राम मियारी, पोस्ट अभिबाँव, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं के रूप में हुई। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर बनाया गया विशेष गुप्त केबिन मिला। इसी केबिन में सात बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 220 किलोग्राम गांजा बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

– ओडिशा से दिल्ली पहुंचाई जानी थी खेप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के कुछ लोगों के संपर्क में रहकर उनके लिए गांजा लाने का काम करते हैं। कथित तौर पर दिल्ली से गांजा खरीदने के लिए पैसा उपलब्ध कराया गया था, जिसके बाद वे ओडिशा के सुंदरगढ़/कालाहांडी क्षेत्र पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक ओडिशा में एक व्यक्ति के माध्यम से गांजा वाहन में लोड कराया गया और उसे वाहन में बनाए गए गुप्त केबिन में छिपाकर ओडिशा से सोनभद्र होते हुए दिल्ली ले जाया जा रहा था। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और मोबाइल फोन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब इस कथित अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

-एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 763/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Follow On Telegram
---Advertisement---

Leave a Comment