
रोशन शर्मा, शक्तिनगर, सोनभद्र। बीना स्टेडियम/जमशीला के पास संदिग्ध सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई एनसीएल बीना के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा की मौत के मामले का शक्तिनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को रमाशंकर मिश्रा का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभ में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। मामले में मु0अ0सं0 162/2026, धारा 103(2)/238 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ कथित प्रेम-प्रसंग था। पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त की रात रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान ने रमाशंकर का गला दबाया तथा पत्थर के फर्श पर सिर पटककर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची गई। आरोप है कि विकास चौहान ने अपने सहयोगी अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर व गमछे में लपेटकर सड़क किनारे ले जाकर रख दिया और वाहन से चोट पहुंचाकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, लोकेशन तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास चौहान (लगभग 25 वर्ष), प्रियंका मिश्रा (लगभग 35 वर्ष), अनुराग सिंह उर्फ बादल (लगभग 18 वर्ष) और सोनू गुप्ता शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह और अमृत लाल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले के त्वरित अनावरण से आमजन और एनसीएल कर्मचारियों में सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।











