उमेश सागर/शक्तिनगर
शक्तिनगर, सोनभद्र। दुर्गा पूजा, दशहरा, रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को शक्तिनगर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने की। इसमें क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
बैठक में थाना प्रभारी ने शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए पूजा समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ आयोजक समितियों और क्षेत्रवासियों का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने मूर्ति स्थापना, पूजा पंडाल, रावण दहन और मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। थाना प्रभारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएं तथा किसी भी आयोजन में ऐसी गतिविधि न हो, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एसआई सदाशिव राय, एसआई राजेश कुमार, चिल्काडाँड ग्राम प्रधान हीरालाल, कोटा ग्राम प्रधान प्रमोद तिवारी, भाजपा नेता मोहन गुप्ता, सपा नेता मुकेश सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान रविंद्र यादव, अयोध्या गुप्ता, मनोज गुप्ता, शोहेल खान, अखिलेश जायसवाल, कृष्णा सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











