• शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस ने समितियों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
किशन पाण्डेय/सोनभद्र
रेणुकूट(सोनभद्र)। आगामी नवरात्रि, रामलीला, दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को रेणुकूट पुलिस चौकी परिसर में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पिपरी थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने की।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। थानाध्यक्ष ने सभी से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आयोजन समितियां पुलिस का सहयोग करें। साथ ही किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और फेक न्यूज से सावधान रहने की अपील की।
रेणुकूट चौकी प्रभारी नवनीत चौरसिया ने पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने, विद्युत तारों की सुरक्षित व्यवस्था एवं अग्निशमन सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों के आसपास मार्गों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए, ताकि आवागमन एवं आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न उत्पन्न हो।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। दशहरा पर्व के दौरान रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं, बच्चों की सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में पूजा एवं रामलीला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने समितियों के पदाधिकारियों से आयोजन से संबंधित आवश्यक जानकारी समय से पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की।











