
अनपरा, सोनभद्र। आगामी त्योहारों एवं बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेणुसागर पुलिस ने सोमवार को अनपरा बाजार में फ्लैग मार्च किया। चौकी प्रभारी जय शंकर राय ने मय पुलिस बल के साथ बाजार का भ्रमण कर दुकानदारों एवं फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोगों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया। पुलिस टीम ने दुकानदारों से दुकानों का सामान सड़क अथवा आवागमन वाले स्थान पर न फैलाने तथा फुटपाथ पर दुकान लगाते समय राहगीरों और वाहनों के आवागमन में बाधा न डालने की अपील की।


साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा न करने और जाम जैसी स्थिति से बचने में पुलिस का सहयोग करने को कहा। चौकी प्रभारी ने बताया कि अनावश्यक अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने सभी दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से आगामी त्योहारों के दौरान सतर्क रहने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की !












