डां राजाराम/म्योरपुर
• कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटीशियन का दिया जाएगा प्रशिक्षण, दूर-दराज के गांवों तक पहुंचेगी संस्था की बस
म्योरपुर (संवाददाता)। सोनभद्र के म्योरपुर कस्बे में हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार को एकल ग्रामोत्थान केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पी-4 के जोनल प्रभारी सुभाष सिंह ने मां सरस्वती, भारत माता एवं हनुमान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर सुभाष सिंह ने कहा कि एकल ग्रामोत्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की उन बालिकाओं को शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जो विभिन्न कारणों से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। संस्था का प्रयास है कि गांव की बेटियों को गांव में ही रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे अपने परिवार के भरण-पोषण में भी सहयोग कर सकें।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर बालिकाओं को कंप्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बालिकाएं स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका चला सकेंगी और आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी। वहीं, रेणुकूट अंचल अध्यक्ष अमरकेश सिंह ने बताया कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जिन बच्चों को केंद्र तक पहुंचकर कंप्यूटर प्रशिक्षण लेना संभव नहीं हो पाता, उनके लिए संस्था की ओर से विशेष बस की व्यवस्था की गई है। इस बस में 10 कंप्यूटर लगाए गए हैं। संस्था की टीम बस के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर बच्चों को कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सोनाबच्चा अग्रहरि, दीपक सिंह अग्रहरि, पूर्व ग्राम प्रधान लालता प्रसाद जायसवाल, गगन जी, अमरकेश सिंह, रामलखन, निरुपमा देवी, बुद्धि नारायण, राजेश, जितेंद्र, मीनाक्षी यादव, सुमन जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











