सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
रेणुकूट। नगर में भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार की शाम एक निजी होटल में हिंदी दिवस पर भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी के हिंदी के पूर्व प्रवक्ता राजनारायण मिश्र उपस्थित रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता संगठन के प्रदेश सचिव अनिल द्विवेदी ने कीl मुख्य अतिथि राजनारायण मिश्र ने अपने संबोधन में कहा, “हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और एकता की डोर है। आज के बदलते परिवेश में हिंदी का प्रचार-प्रसार और भी आवश्यक हो गया है। हमें गर्व होना चाहिए कि हिंदी विश्व की सबसे समृद्ध भाषाओं में से एक है और इसे विश्व स्तर पर सम्मान मिल रहा है।”

शायर नईम गाज़ीपुरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा, “हिंदी की मिठास ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यही भाषा दिलों को जोड़ती है और आमजन की आवाज़ को पहचान देती है। हमें हिंदी को केवल बोलने तक सीमित न रखकर, व्यवहार और कार्यक्षेत्र में भी प्राथमिकता देनी चाहिए।” वहीं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय ने कहा, “हिंदी जन-जन की भाषा है। इसकी जड़ें इतनी गहरी हैं कि कोई भी इसे कमजोर नहीं कर सकता। हम सभी का दायित्व है कि आने वाली पीढ़ी को हिंदी से जोड़ें और उन्हें मातृभाषा के गौरव से अवगत कराएं।

” गोष्ठी में रामायण राय मितवा, कृष्ण कुमार शुक्ला,धनंजय सिंह समेत अन्य साहित्यप्रेमियों ने भी हिंदी के महत्व पर विचार रखे और कविताओं व गज़लों के माध्यम से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। वही कार्यक्रम का संचालन लल्लन गुप्ता ने किया

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि राजनारायण मिश्र का सम्मान भी किया गया। आयोजन में अजय राय, महेंद्र प्रसाद गांधी, अखिलेश मिश्रा, लल्लन गुप्ता, राजीव मिश्रा, अजय जौहरी, सर्वेश सिंह, किशन पांडेय, अवधेश शुक्ला, अमिताभ मिश्रा, जी के मदान, दिलीप पाण्डेय, आनंद गुप्ता, नकुल राय, शहनुर हसन, शिव नरेश, आदित्य सोनी, विक्की यादव सहित बड़ी संख्या में साहित्य और पत्रकारिता जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।












