अमिताभ मिश्रा/वाराणसी
रेणुकूट। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की स्थानीय शाखा में सोमवार को 69वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाखा परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से संवार दिया गया था। माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आ रहा था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईडीबीआई बैंक के मैनेजर मनीष कुमार तथा शाखा प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों और अभिकर्ताओं ने निगम गीत गाकर एलआईसी के गौरवशाली इतिहास को याद किया।

मुख्य अतिथि मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि तमाम निजी बीमा कंपनियों के बीच भारतीय जीवन बीमा निगम आज भी शीर्ष स्थान पर कायम है। इसका सबसे बड़ा कारण आम जनता का अटूट विश्वास और भरोसा है, जो वर्षों से एलआईसी के साथ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों के भविष्य को सुरक्षित करने में निगम की भूमिका सराहनीय है। शाखा प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि एलआईसी सिर्फ एक बीमा कंपनी ही नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के माध्यम से निगम लगातार देशवासियों की सेवा करता आ रहा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ विकास अधिकारी आरपी राय और वरिष्ठ अधिकारी गिरीश चंद्र शुक्ला को सम्मानित किया गयाl इस अवसर पर गिरीश चंद्र शुक्ला, संदीप बरनवाल, अटल बिहारी, आर.पी. राय, अजय कुमार, अमित त्रिपाठी, अजय झा, मस्तराम मिश्रा, अमिताभ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, अभिकर्ता एवं पॉलिसीधारक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर एलआईसी की उपलब्धियों को याद किया और भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने का संकल्प लिया।











