किशन पाण्डेय/सोनभद्र
हाथीनाला-मुर्धवा मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसे, यातायात व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
रेणुकूट(सोनभद्र)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के रेणुकूट-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर हथवानी मोड़ के पास शुक्रवार को दो ट्रेलरों के आमने-सामने आने से हादसा हो गया। दोनों वाहनों के चालकों ने एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में स्टीयरिंग काट दिया, जिससे दोनों ट्रेलर अनियंत्रित हो गए। इस दौरान एक ट्रेलर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया और उसमें फंस गया। हादसे में दोनों चालक बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार हाथीनाला तिराहे से करीब पांच किलोमीटर दूर हथवानी मोड़ के पास एक ट्रेलर तिराहे की ओर से रेणुकूट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से एक अन्य ट्रेलर रेणुकूट की ओर से आ गया। अचानक दोनों वाहनों को सामने देख चालकों ने एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में स्टीयरिंग काट दिया। दोनों ट्रेलर हल्के रूप से आपस में टकराए, जिसके बाद एक ट्रेलर सड़क के दाहिने ओर तथा दूसरा बाईं ओर चला गया। इसी दौरान एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ में जा घुसा। हादसे के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना हाथीनाला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से पेड़ में फंसे ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सका। हादसे में दोनों ट्रेलर चालकों को मामूली खरोंच आई, जबकि दोनों सुरक्षित बताए गए।
गौरतलब है कि हाथीनाला से मुर्धवा होते हुए रेणुकूट मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। कई स्थानों पर मोड़, संकरा मार्ग और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर यातायात नियंत्रण, संकेतक और आवश्यक सुरक्षा उपायों को मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।












