म्योरपुर/राजाराम
सोनभद्र। दुद्धी के विधायक और आदिवासियों के नेता विजय सिंह गोंड की लंबी बीमारी के बाद हुई मृत्यु पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपा शंकर पनिका ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की अपूरणीय क्षति है। गांधीवादी मूल्यों से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले विजय सिंह गोंड आठ बार दुद्धी से विधायक निर्वाचित हुए और वह उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रहे हैं। वह सोनभद्र जिले में आदिवासी अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं। दुद्धी और ओबरा विधानसभा सीटों को आदिवासियों के लिए आरक्षित कराने का आंदोलन उन्होंने ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के साथ मिलकर संचालित किया था। जिसमें कामयाबी भी प्राप्त हुई थी। एक ऐसे समय में जब भाजपा सरकार आदिवासी अधिकारों और पहचान पर चौतरफा हमला कर रही है, उनका निधन आदिवासी समाज का गहरा नुकसान है।











