_काली मंदिर के आगे चढ़ाई पर हुआ हादसा, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा थाना क्षेत्र में ओड़ी मोड़ से कुबरी गांव लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। मामले में घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुबरी गांव निवासी सूर्यपाल यादव पुत्र गोविंद प्रसाद यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे उनका 27 वर्षीय भाई काशीनाथ यादव ओड़ी मोड़ से बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान काली मंदिर से कुछ आगे चढ़ाई पर तेज गति और लापरवाही से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में काशीनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक संख्या UP64 AZ 6140 भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को उपचार के लिए नेहरू शताब्दी अस्पताल, जयंत (सिंगरौली) ले जाया गया। वहां से 19 अक्टूबर को चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराने के बाद उसके भाई ने अनपरा थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












