उदय चंद गुर्जर/बीजपुर
• राख परिवहन से दूषित हो रहा वातावरण, जर्जर हो रही सड़क
बीजपुर/सोनभद्र। बखरिहवा-बीजपुर मार्ग की बदहाली एक बार फिर राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। जर्जर हो चुकी सड़क और बड़े-बड़े गड्डों के कारण रविवार की रात जरहा के पास पोथीपाधर में घंटों आवागमन बाधित रहा। बता दें कि राख लदा एक हाइवा जरहा के पास पोथीपाथर से गुजर रहा था। इस बीच सड़क पर बने जानलेवा गड्डों की वजह से हाइवा का पहिया गड्ढे में फंस गया। झटका इतना तेज था कि गाड़ी की कमानी टूट गई और हाइवा सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो गया। हाइवा के मुख्य मार्ग पर खराब होने के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा।

बखरिहवां-बीजपुर मार्ग पर खराब ट्रक
देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की स्थिति ऐसी थी कि भारी वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया, वहीं छोटे चार पहिया वाहन और दो पहिया वाहन सड़क किनारे पटरियों से किसी तरह बचते-बचाते निकलते देखे गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि बखरिहवा-बीजपुर मार्ग का नामो निशान मिट गया है। वह अब गड्डों में तब्दील हो चुका है, जिससे आए दिन गाड़ियां खराब होती हैं और जाम की स्थिति बनी रहती है। जिसका परेशानी राहगीरों को झेलना पड़ता है।










