
अनपरा, सोनभद्र। थाना अनपरा के थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव का अनपरा से ओबरा स्थानांतरण होने पर शनिवार को थाना परिसर में नागरिक अभिनंदन एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं क्षेत्र के नागरिकों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया,विजयमल गिरी गुडु उपाध्याय ने उनके प्रेम व कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।


समारोह में वक्ताओं ने कहा कि थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने अपने लगभग छह माह के कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों से बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया। त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका रही। एस एस आई मनोज सिंह, एस आई बहादुर सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनके समाधान के लिए तत्पर रहना उनके कार्यकाल की प्रमुख विशेषताओं में रहा। उनके सरल व्यवहार और आम लोगों के साथ सहज संवाद की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की।


विदाई समारोह के दौरान थाना परिसर में माहौल भावुक हो गया। उर्जांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष आर पी सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनपरा में बिताया उनका कार्यकाल हमेशा याद रखा जाएगा।


इस अवसर पर थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अनपरा में कार्य करने के दौरान उन्हें सभी का सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।समारोह में थाना अनपरा के पुलिसकर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।













