
अनपरा। कोयला परिवहन में लगे भारी मालवाहक वाहनों के संशोधित साइलेंसर से सड़क पर जमा कोयले की राख और महीन धूल उड़ने की समस्या को लेकर गंतव्य सोसाइटी ने संबंधित प्रबंधन एवं तकनीकी विभाग से कार्रवाई की मांग की है। संस्था के संरक्षक आशीष कुमार मिश्र ने टाटा मोटर्स सहित संबंधित परिवहन एवं तकनीकी विभाग को रिपोर्ट एवं अनुरोध-पत्र भेजकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है। पत्र में बताया गया कि अनपरा एवं आसपास के कोयला क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारी वाहनों से कोयला परिवहन होता है। आरोप है कि कुछ वाहनों के साइलेंसर के निकास की दिशा सड़क की ओर होने से चढ़ाई, अधिक भार अथवा इंजन पर दबाव की स्थिति में तेज हवा सड़क पर जमी कोयले की धूल, राख और महीन कणों को उड़ा देती है। इससे सड़क पर अचानक धूल का गुबार उठने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई गई है। गंतव्य सोसाइटी ने संबंधित वाहनों के साइलेंसर डिजाइन और निकास दिशा की तकनीकी जांच, सड़क की ओर सीधे निकास वाले संशोधित साइलेंसरों की समीक्षा तथा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार कराने की मांग की है। संस्था ने सोनभद्र समेत अन्य कोयला परिवहन क्षेत्रों में भी तकनीकी जांच एवं सुधार अभियान चलाने और वाहन मालिकों व परिवहनकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया है।
संस्था के संरक्षक आशीष कुमार मिश्र ने कहा कि उद्देश्य किसी व्यक्ति या कंपनी की आलोचना करना नहीं, बल्कि उद्योग और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए जनहित में व्यावहारिक समाधान तलाशना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग तकनीकी स्तर पर आवश्यक कदम उठाएगा।
साइलेंसर से उड़ रही कोयले की धूल, गंतव्य सोसाइटी ने उठाया जनहित का मुद्दा

By रोशन शर्मा (सोनभद्र ब्यूरो)
Published on:











