Delhi News : दिल्ली-एनसीआर खासकर गुरुग्राम में कोरोना वायरस की एक बार फिर दस्तक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके में कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं जिनमें से एक मरीज हाल ही में मुंबई से लौटा है। दोनों संक्रमितों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है और उनमें केवल हल्के लक्षण पाए गए हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए आश्वासन दिया है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
क्या है लक्षण?
यह नई लहर कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के एक नए सब-वेरिएंट JN.1 से जुड़ी हुई है। JN.1 वेरिएंट को पहली बार 2023 के अंत में पहचाना गया था और यह अब अमेरिका, यूके, भारत, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों में फैल चुका है। यह वेरिएंट BA.2.86 (जिसे ‘पिरोला’ भी कहा जाता है) से निकला है और इसमें स्पाइक प्रोटीन में हुए एक खास म्यूटेशन के कारण यह बहुत तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकता है। इसकी सबसे बड़ी चुनौती इसकी ट्रांसमिशन की रफ्तार है, हालांकि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार यह वेरिएंट गंभीर बीमारी नहीं पैदा कर रहा है। अधिकांश मामलों में लक्षण गले में खराश, नाक बहना, हल्का बुखार, खांसी और थकान जैसे रहते हैं, जो सामान्य वायरल इन्फेक्शन जैसे लग सकते हैं।










