विकास दत्त मिश्रा/वाराणसी
बड़ागांव-वाराणसी। गांगकला क्षेत्र में स्थित त्रिपदा पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत थाना बड़ागांव, कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता से संबंधित वीडियो प्रदर्शित कर विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर थाना बड़ागांव के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक (एसआई) अंकिता सिंह एवं प्रियंका पाण्डेय तथा एंटी रोमियो टीम भी उपस्थित रही। टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा इंटरनेट का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी एवं अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक पाण्डेय, उप प्रबंधक प्रेमचंद सिंह, उप प्रधानाचार्य शिवशंकर मौर्य एवं शैक्षणिक निदेशक राकेश चौबे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।












