किशन पाण्डेय/सोनभद्र
• जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश, लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
सोनभद्र 21 अक्टूबर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और मतदान के दिन पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों का पहले से निरीक्षण करने और वहां आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। मतदान के दिन सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
100 मीटर के दायरे में प्रतिबंधों का होगा पालन
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों के आसपास निर्धारित 100 मीटर की परिधि में लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान कार्मिकों को भी निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों पर पहुंचने के बाद किसी प्रकार का अनधिकृत आतिथ्य, स्वागत-सत्कार अथवा अनुचित सुविधा स्वीकार न करें। सभी निर्वाचन कार्मिक निर्धारित नियमों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।












