किशन पाण्डेय/सोनभद्र
— राजस्व वसूली में तेजी लाने और सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
सोनभद्र। जनपद में राजस्व वसूली में तेजी लाने, लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और शासन की प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व, कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करें और प्रभावी कार्ययोजना बनाकर वसूली में तेजी लाएं। राजस्व वसूली में अनावश्यक शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुराने राजस्व वादों के निस्तारण पर जोर
लंबित राजस्व वादों, विशेषकर धारा-116 सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 45 दिन से अधिक पुराने मामलों को अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिन अधिकारियों के स्तर पर पुराने वाद अधिक संख्या में लंबित पाए जाएंगे, उनकी जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में आने वाले आमजन को समय से न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके निस्तारण में तेजी लाएं।
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की प्रगति एवं रैंकिंग की नियमित निगरानी करें। जिन योजनाओं और सूचकांकों में प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें तत्काल सुधार लाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय प्रगति केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार सहित राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












