प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी(सोनभद्र)। रविवार की शाम दुद्धी में भगवान श्री कृष्ण का भव्य डोला जुलूस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। भक्तिमय माहौल में पूरा कस्बा मथुरा-वृंदावन के रंग में रंगा नजर आया। जुलूस में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने “जय कन्हैया लाल की” और “हरि बोल” के गगनभेदी जयकारों से पूरे वातावरण को कृष्णमय कर दिया। शाम करीब चार बजे शुरू हुए इस आयोजन में युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
संकट मोचन मंदिर के पास युवा शक्ति फाउंडेशन द्वारा बांधी गई तीन मटकियों को फोड़ने के लिए गोविंदों की टोलियों ने कड़ी मशक्कत की। वहीं टाउन क्लब मैदान पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जहां मटका फोड़ने के लिए घंटों प्रयास चलते रहे।
कस्बे में भ्रमण पश्चात दर्जनों डोले जुलुस राम लीला मैदान में पहुंचे । इसके बाद जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि और महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता की अगुवाई में जुलूस मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होता हुआ बीड़ी पत्ता गोदाम तक पहुंचा। वापसी के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों के सामने झांकियों को रोककर भगवान श्री कृष्ण का पूजन-अर्चन किया।
शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता एवं सीओ विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी के जवानों और भारी सुरक्षा बल के साथ मोर्चा संभाला। जुलूस के आगे-पीछे और पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में , चेयरमैन कमलेश मोहन, चन्द्रिका प्रसाद , दिनेश अग्रहरि, दिलीप पाण्डेय,राजकुमार अग्रहरि, कमल कानू, चेतन श्रीवास्तव, दिनेश आढ़ती, , अजीत सिंह सहित श्रीरामलीला कमेटी और अन्य धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।












