प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी (सोनभद्र): स्थानीय नगर में ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। हज़रत हुज़ूर नसीरे मिल्लत की अगुवाई में निकले इस जुलूस में हज़ारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान “नारे तकबीर अल्लाह-हू-अकबर” और पैगंबर मोहम्मद साहब की आमद के नारे गूंजते रहे।
जुलूस में सबसे आगे आलिम-ए-दीन का काफिला चल रहा था और उनके पीछे हज़ारों की तादाद में आम जनमानस मौजूद थे। इस दौरान कौमी एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए जुलूस में शामिल लोग रास्ते में मिलने वाले हर व्यक्ति को गुलाब का फूल भेंट कर मोहब्बत का पैगाम दे रहे थे।

धार्मिक गुरुओं का संदेश और मनमोहक नातें
मौलाना नजीरुल कादरी: उन्होंने कहा कि अल्लाह ने पैगंबर मोहम्मद साहब को सिर्फ मुसलमानों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया, समस्त जीवों और संपूर्ण मख्लूकात के लिए रहमत बनाकर भेजा है।
मौलाना मुफ्ती मसूद रजा: उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब को किसी एक मजहब या कौम के लिए नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत के लिए रहमत बनाया गया है।
कारी उस्मान व हाफिज रजाऊल मुस्तफा: दोनों ने अपनी मनमोहक नात-ए-पाक प्रस्तुत कर उपस्थित अकीदतमंदों का दिल जीत लिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर की अध्यक्षता, नवागत कोतवाल विश्वनाथन प्रताप सिंह की देखरेख और कसबा इंचार्ज हरिकेश राम आजाद की अगुवाई में पुलिस बल नगर के सभी प्रमुख चौराहों और जुलूस के मार्ग पर मुस्तैद नज़र आया।











