सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
• घरेलू विवाद सुलझाने गई टीम पर हमला, 11 नामजद, 5 गिरफ्तार
कोन (सोनभद्र)। कचनरवा गांव में घरेलू विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस पथराव में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को नामजद किया है और अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।यह घटना गुरुवार देर रात कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया (परसवा) में हुई। हड़वरिया निवासी सुदर्शन राम ने रात करीब 7:53 बजे डायल-100 पर फोन कर अपने बेटों और बहुओं के बीच मारपीट की सूचना दी थी।सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल लालमणि कनौजिया और चालक अभिमन्यु मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पारिवारिक विवाद को शांत कराने का प्रयास किया और सभी पक्षों को थाने चलने की सलाह दी। हालांकि, ग्रामीणों ने मौके पर ही पंचायत करने की जिद पकड़ ली।

धीरे-धीरे भीड़ बढ़ने लगी और पुलिस से तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति को असामान्य होते देख पुलिस टीम ने थानाध्यक्ष संजीव सिंह से अतिरिक्त सहायता मांगी। कुछ ही देर में अतिरिक्त पुलिस बल हड़वरिया पहुंचा।











