– नीतीश कुमार व पवन कुमार शर्मा जेसीसी सदस्य, अरुण दुबे को कल्याण समिति व कंपनी समन्वयक की जिम्मेदारी

सिंगरौली। अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ, नागपुर के महामंत्री सुजीत सिंह ने 3 अक्टूबर को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) को पत्र भेजकर कंपनी स्तर की विभिन्न समितियों एवं बोर्डों के लिए संगठन के प्रतिनिधियों के मनोनयन की सूची जारी की है। जारी सूची के मुताबिक नीतीश कुमार और पवन कुमार शर्मा को कंपनी स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का सदस्य मनोनीत किया गया है। जेसीसी के माध्यम से प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच उत्पादन, उत्पादकता, श्रमिक हितों तथा नीतिगत विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है। वहीं अरुण कुमार दुबे को कंपनी कल्याण समिति का प्रतिनिधि मनोनीत करने के साथ ही कंपनी समन्वयक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कल्याण समिति के माध्यम से श्रमिकों के आवास, चिकित्सा, शिक्षा सहित अन्य कल्याणकारी मुद्दों पर चर्चा और पहल की जाती है। कंपनी सुरक्षा समिति के लिए मनोज कुमार सिंह और राजेश पटेल को प्रतिनिधि बनाया गया है। जबकि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गठित स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड में राम प्रकाश मौर्य और अनुराग मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के पदाधिकारियों के मनोनयन से कंपनी स्तर पर श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।












