_डीएम के निरीक्षण और निर्देश के बाद तेज हुआ कार्य, अध्यक्ष व ईओ ने तैयारियों का लिया जायजा

अनपरा (सोनभद्र)। नवरात्रि समापन के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर नगर पंचायत अनपरा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्राम कौरवहल एवं चौकी बीना अंतर्गत कौरवहल डैम की ओर जाने वाले विसर्जन मार्ग पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं दुद्धी एस.डी.एम अशोक गुप्ता के स्थलीय निरीक्षण एवं निर्देश के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम प्रसाद बैसवार और अधिशासी अधिकारी चैतन्य तिवारी ने रविवार को बाबू सुधाकर यादव व कार्यालय कर्मचारी धीरेंद्र भारती, अजय कुमार, अमित कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद आज मंगलवार की सुबह से सफाई नायक जगन्नाथ बैसवार, अर्जुन भारती, ऋषभ तिवारी और कर्मचारियों को मार्ग की साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने में लगाया गया है। नगर पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिले। वहीं, व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एस.डी.एम अशोक गुप्ता, क्षेत्रीय महिला लेखपाल रीता कुमारी, शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय और बीना चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी भी मौके पर मौजूद हैं।













