उदय सिंह गुर्जर/जरहा
सोनभद्र/बीजपुर। जरहां न्याय पंचायत क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। नेमना,चेतवां, जरहां, सेवकाडाड़ खम्हरिया पिंडारी सिन्दूर झीलों बखरीहवा बीजपुर आदि आसपास के कई इलाकों में जियो और एयरटेल जैसी प्रमुख मोबाइल कंपनियों का नेटवर्क या तो बेहद कमजोर है या कई स्थानों पर पूरी तरह नदारद रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार कंपनियों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मोबाइल उपभोक्ता हर महीने भारी-भरकम रिचार्ज कराते हैं, इसके बावजूद उन्हें कॉलिंग और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से नहीं मिल पा रही हैं।
जरहां मंदिर के पास किए गए लाइव नेटवर्क टेस्ट में मोबाइल पर महज एक-दो सिग्नल दिखाई दिए, लेकिन इसके बावजूद कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। इंटरनेट चलाने का प्रयास किया गया तो नेटवर्क की स्थिति ऐसी रही कि डेटा सेवा भी काम नहीं कर पाई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में मोबाइल उपभोक्ताओं को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में मोबाइल नेटवर्क केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी सेवाओं, नौकरी से संबंधित कार्य और आपातकालीन संपर्क के लिए बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे में नेटवर्क नहीं होने से लोगों को कई किलोमीटर दूर जाकर मोबाइल चलाने या जरूरी कॉल करने की मजबूरी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने संबंधित टेलीकॉम कंपनियों से क्षेत्र का सर्वे कराकर नेटवर्क टावर एवं कनेक्टिविटी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।










