रांची ब्यूरो कार्यालय
रांची। रांची पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार की रात में ओरमांझी स्थित तरंगनी लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड में छापेमारी की. यह कंपनी राजद नेता और बिहार के एमएलसी रहे सुबोध राय की है. मौके पर ही सुबोध राय, उनके चालक देवेंद्र भगत और एक अन्य कर्मी रविकांत राय को छापेमारी दल ने गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि प्लांट में तैयार शराब पर दूसरे नामी ब्रांड के फर्जी लेबल लगाकर इसे बजार में आधे दाम पर खपाया जा रहा था. गिरफ्तारी के बाद बुधवार की शाम सबको बिरसा मुंडा जेल भेज दिया गया. छापेमारी दल का नेतृत्व सहायक उत्पाद आयुक्त उमाशंकर सिंह कर रहे थे. छापेमारी देर रात 12 बजे की गई और सुबह छह बजे तक चली।

तीन अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब बना रहे थे
छापेमारी में पता चला कि इस प्लांट में तीन अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब बनाई जा रही थी. इनमें 8 पीएम और आफ्टर डार्क ब्रांड की शराब शामिल हैं. उत्पाद विभाग का मानना है कि इसे उत्तर प्रदेश और दिल्ली का लेबल लगाकर बेचा जा रहा था. शराब की बोतल पर फॉर सेल ओनली उत्तर प्रदेश लिखा था. ज्ञात हो कि इस प्लांट में दो वर्ष पूर्व भी उत्पाद विभाग ने छापामारी की थी. इस दौरान इसे सील भी किया था।












