किशन पाण्डेय/सोनभद्र

— राखी बांधकर बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, रक्षाबंधन के साथ सावन माह का हुआ समापन
सोनभद्र। जिले भर में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। राखियों, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ रही। कई स्थानों पर बहनों को भाइयों के घर पहुंचने के लिए यात्रा करते हुए भी देखा गया।
पूरे जिले में पर्व को लेकर घर-घर उत्सव जैसा माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और परिवार के साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
रक्षाबंधन पर्व के साथ ही सावन माह का भी विधिवत समापन हो गया। सावन के पूरे महीने भगवान शिव की आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर भी पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।











