प्रशांत श्रीवास्तव दुध्दी
• सूखा, अकाल और ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से निपटने के लिए पौधारोपण नितांत आवश्यक: कमलेश मोहन
दुद्धी (सोनभद्र)। विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय कस्बा स्थित प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को ‘संकल्प से सिद्धि की ओर’ बढ़ते कदम के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के 500 छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों के कर-कमलों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। सभी शिक्षार्थियों ने इन पौधों को अपने घरों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर रोपने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों को संबोधित करते हुए चेयरमैन ने कहा, “आज दुनिया में कहीं सूखा, कहीं अकाल, कहीं बाढ़ तो कहीं घटते जलस्तर की गंभीर समस्या बनी हुई है। पिघलते ग्लेशियर और ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण करना आज के समय में नितांत आवश्यक हो गया है।”प्रधानमंत्री की पहल को साकार करना सभी का नैतिक दायित्व: कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व नगर पंचायत दुद्धी स्वच्छता मिशन के ब्रांड एंबेसडर जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ ऐतिहासिक अभियान को पूरी संवेदना, आस्था और जिम्मेदारी के साथ साकार करने का नैतिक दायित्व प्रत्येक भारतीय नागरिक के कंधों पर है। वहीं, सेवानिवृत्त क्रय-विक्रय सचिव विंध्यवासिनी प्रसाद ने पर्यावरण के गंभीर संकट के प्रति आगाह करते हुए कहा कि इस संकट से बचने का एकमात्र उपाय वृहद स्तर पर पौधारोपण ही है।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कर देश का हर नागरिक पर्यावरण संरक्षण के इस अभूतपूर्व कार्य में अपना योगदान दे रहा है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए संजीवनी का कार्य करेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार, उपेंद्र कुमार तिवारी, अशोक कनौजिया सहित विद्यालय के उप प्रबंधक मोहम्मद जावेद, अभिषेक, यशस्वी कपूर, पी.एन. सिंह, रेशमा सुब्बा, मोनिका, निशि, हिना एवं समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।












