किशन पाण्डेय/सोनभद्र
सिंगरौली। जयंत चौकी क्षेत्र के मस्जिद मार्केट में गुरुवार शाम करीब 6 बजे नकाबपोश बदमाशों ने कंचन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध के दौरान बदमाशों ने दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा के हाथ में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी षियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी और जयंत चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल लूटे गए आभूषण व नकदी की वास्तविक मात्रा और फायरिंग में कितने राउंड चले, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।












