लखनऊ वाराणसी नोएडा गाजियाबाद मेरठ अलीगढ़ अगरा कानपुर प्रयागराज अन्य

सोनभद्र-: सीएमओ ने किया दुद्धी सीएचसी का औचक निरीक्षण, दो माह से लंबित आशाओं के वेतन का कराया भुगतान

kishan Pandey (Editor)

By kishan Pandey (Editor)

Published on:

---Advertisement---

प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी

दुद्धी (सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोनभद्र डॉ. रमेश कुमार मिश्रा का प्रथम आगमन हुआ। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार पहुंचे सीएमओ ने अस्पताल परिसर का सघन निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। बैठक के दौरान सीएमओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए आशा कार्यकर्ताओं के पिछले दो माह से लंबित वेतन भुगतान के मामले का तत्काल निस्तारण कराया, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।


अस्पताल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार सहित विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की समस्याओं और शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिया।
बैठक के बाद सीएमओ ने सीधे ब्लड बैंक का रुख किया। उन्होंने थैलेसीमिया, कैंसर, सिकल सेल एनीमिया और प्रसव संबंधी गंभीर मरीजों के लिए उपलब्ध रक्त की स्थिति का जायजा लिया। आपातकालीन स्थिति में रक्त की कमी न हो, इसके लिए उन्होंने प्रभारियों को बड़े पैमाने पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया और मिल रही सुविधाओं व दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएमओ डॉ. मिश्रा ने अस्पताल की बदहाल स्थिति को सुधारने का दावा किया। अस्पताल भवन की छत से पानी टपकने की समस्या पर उन्होंने कहा कि इसका शीघ्र अस्थाई समाधान कराया जाएगा। वहीं, भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) या संबंधित विभाग से एस्टीमेट तैयार करवाकर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से संपूर्ण मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया।


क्षेत्र में महिला चिकित्सक न होने की जनसमस्या पर संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने कहा कि इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों से वार्ता चल रही है, जल्द ही यहाँ महिला डॉक्टर की तैनाती की जाएगी। अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य रूप से डॉ. विनोद सिंह, डॉ. वरुणा निधि, बीपीएम संदीप कुमार सिंह सहित भारी संख्या में अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Follow On Telegram
kishan Pandey (Editor)

kishan Pandey (Editor)

किशन पाण्डेय प्रयागराज से ताल्लुक रखते हैं और जनपद सोनभद्र में 15 वर्षों से पत्रकारिता क्षेत्र में है ये स्थानीय समाचारों के अलावा राजनीतिक व मनोरंजन जैसी खबरों में रूचि रखते हैं। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य ' हर ख़बरों ' को जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रहा हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment