सुभाष पाण्डेय/मुख्यालय
सोनभद्र। नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार सुबह 7 बजे पुलिस लाइन चुर्क के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण की विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ ही भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों की धरपकड़ और आपात परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए गए। वहीं, नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को ब्रीफिंग के बाद मीरजापुर में ड्यूटी के लिए रवाना किया गया SP अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभ्यास को CO नगर रणधीर मिश्रा, CO कार्यालय/लाइन भुवनेश्वर सिंह तथा CO राज सोनकर ने संपन्न कराया। अभ्यास का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैयारियों का आकलन करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस के गोले, ग्रेनेड, लाठी-डंडे, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड और लेग गार्ड समेत अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों की जानकारी दी गई। उपकरणों की जांच के बाद निर्धारित समय में सुरक्षा संसाधनों से लैस होकर विभिन्न परिस्थितियों में कार्रवाई का अभ्यास कराया गया।












