_एनडीपीएस एक्ट के तहत शक्तिनगर पुलिस की कार्रवाई, जिले में अब तक छह मामलों में 5.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त/फ्रीज

अनपरा/शक्तिनगर (सोनभद्र)। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शक्तिनगर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे से संबंधित आरोपी दीपक कुमार भारती निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा की 23 लाख 86 हजार रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति फ्रीज कर दी गई। पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को संबंधित संपत्ति पर फ्रीजिंग आदेश का नोटिस चस्पा कर कार्रवाई पूरी की। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शक्तिनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 20/2026, धारा 8/21, 27-ए और 29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि से संपत्ति अर्जित किए जाने के मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के अध्याय-V-A की धारा 68-एफ के तहत 21 अक्टूबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश जारी हुआ था। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सक्षम प्राधिकारी एवं न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली ने वाद संख्या NDPSA/FO/1305/DAL/2026 में इस आदेश को अनुमोदित किया था। इसके अनुपालन में संबंधित आवासीय संपत्ति को फ्रीज किया गया।
_आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार भारती के विरुद्ध अनपरा थाने में वर्ष 2023 और 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा शक्तिनगर थाने में वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। आरोपी के आपराधिक इतिहास में वर्ष 2019 में अनपरा थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 323, 34, 504 और 506 के तहत दर्ज मुकदमा भी शामिल है।
_छह मामलों में 5.56 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त/फ्रीज
सोनभद्र पुलिस के मुताबिक, जनपद में अब तक एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-ई और 68-एफ के तहत छह मामलों में कुल 5 करोड़ 56 लाख 25 हजार 695 रुपये की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की जा चुकी है। इनमें रॉबर्ट्सगंज थाने के दो, अनपरा थाने का एक, शक्तिनगर थाने के दो और म्योरपुर थाने का एक मामला शामिल है।

पुलिस के विवरण के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज में कोडीनयुक्त कफ सिरप से संबंधित मामले में 4 करोड़ 50 लाख 13 हजार 541 रुपये तथा एक अन्य हेरोइन मामले में 1 लाख 8 हजार 156 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई। अनपरा में हेरोइन से संबंधित मामले में 26 लाख 62 हजार 165 रुपये, शक्तिनगर के एक अन्य मामले में 15 लाख 72 हजार 140 रुपये और म्योरपुर में 38 लाख 83 हजार 693.52 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई। शक्तिनगर में 23 लाख 86 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज करना इस कार्रवाई की छठी कड़ी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। इसमें शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय तथा पिपरी के थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव की भूमिका रही। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई और उनसे संबंधित संपत्तियों को जब्त अथवा फ्रीज करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।












