विकास दत्त मिश्रा वाराणसी
बड़ागांव। वाराणसी शासन के निर्देशानुसार जनपद के विकास खण्ड बड़ागांव में शनिवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम करना है। अभियान का नेतृत्व संयुक्त रूप से खंड विकास अधिकारी (BDO) प्रतिभा मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी-पंचायत (ADO-P) हिमांशु चौबे और भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह ने किया। अभियान के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया। उन्हें देखकर ब्लॉक कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ब्लॉक मुख्यालय परिसर की सघन सफाई की गई, कूड़े का निस्तारण हुआ और जलजमाव वाले स्थानों पर एंटी-लावा दवाओं का छिड़काव किया गया।

“स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे हमें अपनी दैनिक आदतों में शामिल करना होगा।” प्रतिभा मिश्रा, बीडीओ
ADO-P हिमांशु चौबे ने सफाई कर्मियों को ग्राम पंचायतों में नालियों की नियमित सफाई और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव के निर्देश दिए। मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह ने जनता से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी को आसपास सफाई रखने और पॉलीथीन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, सचिव और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।











