_ गुजरात में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, शव पहुंचते ही ग्रामीणों ने रोकी एंबुलेंस

चोपन, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत वसुधा गांव निवासी 19 वर्षीय युवक की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब दो माह पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात गए युवक का शव शनिवार को एंबुलेंस से गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने एंबुलेंस रोककर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग शुरू कर दी। बताया जाता है कि वसुधा निवासी कमलेश पुत्र परमेश्वर करीब दो माह पूर्व गुजरात कमाने गया था। वहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को सोनभद्र स्थित उसके गांव लाया गया। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और एंबुलेंस को रोककर परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे। मामले की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग और पुलिस की समझाइश के बीच मौके पर स्थिति बनी हुई है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा है।मृतक के पिता परमेश्वर ने मामले में अपनी बात रखते हुए परिजनों के लिए उचित मदद और न्याय की मांग की।












