उदय चंद गुर्जर/जरहा
बीजपुर। सिरसोती में भारी बारिश के बाद घरों में जलभराव की समस्या को लेकर शुक्रवार को तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी रिहंद के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि नाली की मरम्मत नहीं होने और नाली के आसपास राख पाटे जाने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसके चलते पानी सदानंद के घर और कपड़े की दुकान, उमेश केवट के घर तथा अनिल भारती के घर में घुस गया था।

ग्रामीणों ने जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनटीपीसी अधिकारियों को तत्काल जेसीबी लगाकर ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने और पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार के निर्देश के बाद एनटीपीसी अधिकारियों ने जलनिकासी व्यवस्था को ठीक कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की बात कही। ग्रामीणों को उम्मीद है कि ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।











