प्रशांत श्रीवास्तव/दुध्दी
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, महुआरिया निवासी 25 वर्षीय अंकित कुमार अपने साथी बादल के साथ ‘राइडर’ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। वहीं, दुद्धी वार्ड नंबर 9 के रहने वाले 50 वर्षीय इकबाल भी अपनी बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, दोनों बाइकों में भीषण टक्कर हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दुद्धी पहुंचाया।
CHC में तैनात डॉक्टर मनोहर ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अंकित की स्थिति बेहद गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, इकबाल का इलाज दुद्धी अस्पताल में ही डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। बेटे अंकित की नाजुक हालत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां का विलाप देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही कस्बा प्रभारी हरिकेश राम आजाद पुलिस बल के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल-चाल जाना और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।












