_पंचक काल में रावण दहन कराने के आदेश पर जताई आपत्ति, बीना प्रबंधन से मांगा स्पष्टीकरण

अनपरा (सोनभद्र)। विजयादशमी के अवसर पर बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराए जाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के बीना प्रखंड अध्यक्ष राहुल शर्मा ने आपत्ति जताई है। इस संबंध में उन्होंने 20 अक्टूबर को बीना चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की जानकारी बीना परियोजना प्रबंधन से प्राप्त कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि बीना परियोजना को छोड़कर एनसीएल की अन्य परियोजनाओं में विजयादशमी पर रावण दहन का आयोजन किया गया, जबकि बीना में ऐसा नहीं हुआ। संगठन का कहना है कि हिंदू पंचांग के अनुसार 21 अक्टूबर की सुबह सात बजे से पंचक काल शुरू होने की जानकारी है। ऐसे में इस अवधि में रावण दहन कराए जाने के आदेश को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए हैं। राहुल शर्मा ने आरोप लगाया कि बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराने का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा विषय बताते हुए बीना प्रबंधन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है। फिलहाल, बीना परियोजना प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी प्रार्थना पत्र में नहीं दी गई है।












