राजेश गौड़ (प्रयागराज ब्यूरो)
प्रयागराज महाकुंभ की भगदड़ में खरगोन के नाहरू मंशारे लापता हो गए। सात महीने बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। पत्नी ने सीएम योगी और सीएम मोहन यादव से उन्हें तलाश करने की गुहार लगाई है। वहीं, अब खरगोन पुलिस की टीम भी जांच के लिए प्रयागराज जाएगी। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के बेलमपुर बुजुर्ग गांव का एक ग्रामीण प्रयागराज में हुए महाकुंभ के दौरान से लापता हो गए। इसके बाद अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका, यूपी पुलिस भी उन्हें तलाश नहीं कर पाई है। इससे परेशान उसकी पत्नी और पीड़ित परिवार ने खरगोन एसपी धर्मराज मीणा से मुलाकात की और गुमशुदा व्यक्ति को तलाशने की गुहार लगाई।
27 जनवरी 2025 प्रयागराज का महाकुंभ भगदड़ का मामला, सात महिने बाद भी नहीं चला पता
दरअसल, पीड़ित परिवार 27 जनवरी 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गया था। 28-29 जनवरी की रात अचानक हुई भगदड़ में बेलमपुर बुजुर्ग निवासी नाहरू मंशारे लापता हो गए थे। बीते सात माह में उनकी पत्नी और परिजन तीन बार प्रयागराज जाकर यूपी पुलिस से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई है। अब नाहरू को लेकर उनकी पत्नी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की मांग की है। साथ ही, खरगोन एसपी धर्मराज मीणा से मिलकर इंदौर के सोनम-राजा रघुवंशी हत्याकांड की तर्ज पर नाहरू मंशारे को तलाशने की गुहार लगाई है। एसपी धर्मराज मीणा ने परिजनों को उत्तरप्रदेश पुलिस से संपर्क कर हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।










